Greater Noida Shahberi Road: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में करीब डेढ़ महीने से शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। जिसके पूरा होने के लिए लोगों को अभी और इंतजार करना होगा। इस काम में अभी दो और हफ्ते लगने की उम्मीद है। इस चौड़ीकरण कार्य को पूरा करने के लिए 20 दिनों का समय तय किया गया था। लेकिन डेढ़ महीने से ज्यादा होने के बावजूद अभी तक इस रोड को चौड़ा करने का काम पूरा नहीं हो पाया है। रोड के साथ ड्रेनेज बनाने के कारण इस काम में अधिक समय लग रहा है। हालांकि अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ ने इसे कम से कम दो हफ्ते में पूरा करने का लक्ष्य दिया है। शाहबेरी मार्ग के चौड़ा होने के बाद लोगों को ग्रेटर नोएडा और क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद के बीच आवाजाही करने में आसानी होगी।
सांकेतिक फोटो
ग्रेनो वेस्ट ACEO ने लिया काम का जायजा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटेड़ा गोलचक्कर से शुरू होने वाली डेढ़ किमी लंबी शाहबेरी रोड का चौड़ीकरण कार्य 25 मार्च 2025 को शुरू किया गया था। उस समय इसे 20 दिनों में पूरा करने का दावा किया गया था। लेकिन अब मई माह के 15 दिन बीतने के बाद भी यह काम पूरा नहीं हो सका है। बीते दिनों अधिकारियों ने इस काम को पूरा होने में एक हफ्ते का समय लगने का दावा किया था। हालांकि अभी इस रोड का काम पूरा होने में दो हफ्ते और लग सकते हैं। गुरुवार को ग्रेनो प्राधिकरण एसीईओ प्रेरणा सिंह ने शाहबेरी मार्ग के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित वर्क सर्किल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम में तेजी लाई जाए।
तय समय पर काम पूरा न होने पर होगी कार्रवाई
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने ग्रेनो वेस्ट में चल रहे विकास कार्यों का गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाहबेरी मार्ग के अलावा चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास के कार्यों का भी जायजा लिया। जहां उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया और इस काम को तय समय में पूरा करने को भी कहा। उन्होंने गोलचक्कर के दोनों ओर सीवर लाइन और पेड़ों को स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए। एसीईओ ने चेतावनी दी है कि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा न होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ओएसडी अभिषेक पाठक को निर्देश दिए कि उद्यान विभाग से जुड़े कामों को पूरा कराने को कहा। इस दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने गौड़ सिटी से चार मूर्ति की ओर जाने पर संकरी पुलिया के चौड़ीकरण कार्य की भी मंजूरी दे दी है।
