प्रतीकात्मक फोटो
Greater Noida Suicide News: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना इलाके में बनी एक सोसाइटी की 13वीं मंजिल से कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर के मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में रहने वाले 24 वर्षीय यश वर्मा ने अपने फ्लैट की 13वीं मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि यश कानपुर का रहने वाला था। मृतक यश वर्मा मूल रूप से कानपुर की फ्रेंड कॉलोनी रामादेवी का रहने वाला था और नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम करता था। वह पिछले डेढ़ साल से इस सोसायटी में अकेला रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, अभी तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही यश के कमरे को खोला जाएगा, जिससे आत्महत्या के कारणों से जुड़े कुछ सबूत मिल सकते हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटी में इस तरीके की कई घटनाएं
गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटी में इस तरीके की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां पर कई युवाओं ने ऊंचाई से कूदकर अपनी जान दी है। फिलहाल इस मामले में भी पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर युवक को क्या परेशानी थी, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया।
