Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक गर्लफ्रेंड की फोटो को लेकर दो दोस्तों में विवाद हो गया। जिसके चलते युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। जिसके बाद उसका शव नहर में फेंक दिया। दरअसल मृतक के पास उसकी दोस्त की गर्लफ्रेंड का फोटो था, जिसे वह डिलीट नहीं कर रहा था। इसी के चलते दोनों दोस्तों में विवाद चल रहा था, जिसका अंजाम हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक ने अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ इस घटना को अंजाम दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
परिजनों ने थाने में किया हंगामा
यह घटना दनकौर थाना क्षेत्र के बिलासपुर की है। मृतक वैभव सिंगल बिलासपुर के एक व्यापारी का बेटा है। उसकी दोस्ती 19 वर्षीय माज पठान के साथ थी। इन दोनों में एक महिला मित्र की फोटो को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। जिसके बाद वैभव सिंघल 29 जनवरी को अचानक गायब हो गया। जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी और थाना दनकौर में गुमशुदा की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। लेकिन हफ्ता बीतने के बाद भी पुलिस वैभव का पता नहीं लगा सकी। जिसके बाद परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर हंगामा शांत कराया। जिसके बाद शाम के वक्त ही पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया।
आरोपियों ने कुबूल किया अपराध
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार ने बताया कि धनौरी से सक्का की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने दो युवकों को आते देखा। पुलिस की गाड़ी देखकर ये लोग तेजी से खेतों की तरफ भागने लगे। जब पुलिस ने इनका पीछा किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को पुलिस की गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से मृतक वैभव का मोबाइल, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। आरोपियों की पहचान माज पठान और उसके साथी बाल अपचारी के रूप में हुई है। दोनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। माज पठान ने बताया कि उसकी दोस्ती वैभव से थी और उनमें एक महिला मित्र की फोटो को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते आरोपी ने अपने एक नाबालिक दोस्त के साथ मिलकर वैभव को मिलने के लिए बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
