ग्रेटर नोएडा

गर्मी अपना प्रकोप दिखाने लगी है और अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कर रहा पानी की पाइपलाइन बदलने की तैयारी

मार्च का महीना बस खत्म होने वाला है। दिल्ली NCR में गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर चुकी है और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी को पाइपलाइन बदलने की अब सुध आई है। ग्रेटर नोएडा के सबसे सघन इलाके में पाइपलाइन बदलने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

Image

गर्मियों में आई पाइपलाइन बदलने की सुध

मार्च खत्म होने से पहले ही देश भर में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली NCR में गर्मी की क्या दशा रहती है, ये बताने की जरूरत नहीं है। अखबारों के पन्नों पर बढ़ते पारे की खबरें जगह पाना शुरू कर चुकी हैं और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब जाकर जागी है, वो भी पानी जैसे गंभीर मुद्दे पर।

दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सबसे पुराने और सबसे सघन इलाकों में अब पेयजल की पाइपलाइन बदली जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसका प्रस्ताव तैयार कर रहा है। शहर के नौ सेक्टरों अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा में अब पाइपलाइन बदलने की तैयारी चल रही है। CEO की मंजूरी के बाद आगे की प्रकिया शुरू करने की तैयारी है।

शहर से लगातार आ रही पानी से जुड़ी दिक्कतों में सुधार करने के लिए प्राधिकरण ने ये फैसला लिया है। पेयजल की पाइपलाइन में लीकेज, पेयजल पाइपलाइन में लीकेज, फटने, प्रेशर कम होने और दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण इसे बदलना जरूरी हो गया है। पिछले सप्ताह ही जेपी गोल्फ कोर्स गोलचक्कर के पास पाइपलाइन फट गई थी, जिससे अल्फा-1 और 2 में करीब 45 घंटे तक पानी की आपूर्ति ठप रही। इस इलाके में 15 हजार से अधिक परिवार रहते हैं।

ऐसी ही घटनाओं के कारण इस समस्या का पक्का समाधान करने के लिए प्राधिकरण ने दो दशक पहले बिछाई गई कास्ट आयरन पाइप को बदलकर, डक्टाइल पाइप लगाने की योजना बनाई है। डक्टाइल पाइप पानी के अधिक प्रेशर को झेल सकते हैं। इनकी अवधि कम से कम 50 साल होती है। फिलहाल जो कास्ट आयरन की पाइपलाइन बिछी है, उसकी अवधि लगभग 25 साल ही होती है।

पाइपलाइन बदलने के शुरुआती चरण में ग्रेटर नोएडा के नौ सेक्टरों अल्फा-1, 2, बीटा-1, 2, गामा-1, 2 और डेल्टा-1, 2 और 3 में पाइप लाइन बदलने का काम शुरू होगा। इन इलाकों में शहर की सबसे अधिक आबादी बसती है। ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इन इलाकों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके सफल होने पर बाकी सेक्टरों में भी काम होगा। पाइपलाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

फिलहाल इसमें होने वाले खर्च का हिसाब लगाया जा रहा है साथ ही ये भी देखा जा रहा है कि मौजूदा व्यवस्था में क्या बेहतरी हो सकता है। अनुमान के हिसाब से एक सेक्टर में पाइपलाइन बिछाने का खर्च कम से कम चार करोड़ रुपये आएगा।

हालांकि, इन सब तैयारियों के दौरान आशंका मात्र एक चीज की है कि पाइप बदलने से पानी की आपूर्ति में होने वाली दिक्कतों से कैसे उबरा जा सकेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article