Greater Noida: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में खेलते वक्त बच्ची के 27वीं मंजिल से गिरने की जानकारी सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खेलते वक्त बच्ची अचानक से 27वीं मंजिल से नीचे गिर गई जिसके बाद भागते हुए परिजन उसके पास पहुंचे और 5 साल की मासूम को गंभीर स्थिति में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी 14 एवेन्यू सोसाइटी का बताया जा रहा है, जहां पर दोपहर लगभग साढ़े बारह से एक बजे के बीच पांच वर्षीय बच्ची खेलते वक्त अचानक से 27वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरी और 12वीं मंजिल की बालकनी में जा फंसी। इस हादसे में मासूम को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के तत्काल बाद परिजन बच्ची को सर्वोदय अस्पताल ले गए। इस मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस ने कहा कि परिजनों द्वारा बच्ची को गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल भर्ती कराया गया है जहां बच्ची का उपचार चल रहा है। अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
