ग्रेटर नोएडा

Greater Noida Fire: गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, बिल्डिंग में फंसी छात्राओं ने कूदकर बचाई जान, सामने आया Video

Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा में स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में आग लग गई। आग से बचने के लिए कई छात्रों ने कूदकर जान बचाई है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में लगे एसी में ब्लास्ट होने से आग लगी थी।

Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 इलाके के अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार शाम को अचानक आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बता दें कि आग हॉस्टल में लगे एसी के ब्लास्ट होने के कारण लगी और तेजी से फैल गई। हादसे के वक्त हॉस्टल में कुछ लड़कियां मौजूद थीं, जिन्होंने किसी तरह कूदकर जान बचाई। घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

आग लगने की इस घटना के दौरान दो छात्राएं हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर फंस गई थी। स्थानीय लोगों ने सीढ़ी के सहारे उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन उतरते समय एक छात्रा कूदने के प्रयास में नीचे गिर गई। हालांकि, फायर विभाग के मुताबिक, उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। छात्रों के आग से बचने के लिए नीचे उतरने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फायर ब्रिगेड अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया, गुरुवार शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि नॉलेज पार्क-3 स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में आग लगी है। फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अधिकारी ने बताया कि उस दौरान एफएसओ भी घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने आगे बताया कि कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन फायर टीम के पहुंचने से पहले सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article