Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में आग लगने की घटना सामने आई है। सोमवार को हवेलिया वालेंसिया होम्स सोसायटी के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। जिससे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद सोसायटी के मेंटेनेंस टीम और गार्ड आग पर काबू पाने में जुट गया। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचना दी। मौके पर फायर विभाग की एक गाड़ी पहुंची। हालांकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।
आधे घंटे में आग पर पाया काबू
बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर को सोसायटी के F टावर के 5वे फ्लोर पर स्थित फ्लैट में आग लगी। निवासियों के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे वाशिंग मशीन के पास शॉर्ट सर्किट हुआ, जिस कारण फ्लैट में आग लग गई। फ्लैट से धुआं उठता देख मेंटेनेंस विभाग के कर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। जिससे आसपास के फ्लैट आग चपेट में आने से बच गए।
आग से फ्लैट में भारी नुकसान
एफएसओ अजय कुमार के अनुसार आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम को तुरंत भेजा गया। लेकिन दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। मेंटनेंस विभाग की टीम ने सोसाइटी में लगे उपकरणों से आग को बुझाया। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हुई है। लेकिन प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन आग लगने से फ्लैट में भारी नुकसान हो गया।
