Greater Noida: भारत के कई शहरों में बिना मान्यता के ढेरों स्कूल चल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान बिना मान्यता के चलने वाले इन स्कूलों के बारे में जानकारी मिल रही है। ठीक उसी प्रकार से ग्रेटर नोएडा में स्थित दो स्कूलों का निरीक्षण करने के लिए टीम पहुंची। निरीक्षण के दौरान स्कूल से जब मान्यता से संबंधित कागजात मांगे गए तो जो नहीं मिले, जिसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा दोनों स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, इन दोनों ही स्कूलों में कई कक्षाएं अवैध रूप से चल रही हैं।
ग्रेटर नोएडा के दो स्कूलों में अवैध रूप से चलती मिली 5वीं से 9वीं तक की क्लास
अवैध तरह से और बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों में बड़ी कक्षाओं के छात्रों की क्लासेस को चलाना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ से कम नहीं है। हाल में दिल्ली में भी कई स्कूल बिना मान्यता के चल रहे थे, जिनके बारे में डीओई (DOE) द्वारा जानकारी शेयर की गई थी। ऐसे में हर माता-पिता को ये जानना आवश्यक है कि उनका बच्चा जिस स्कूल में पढ़ रहा है, उसे किस कक्षा तक मान्यता प्राप्त है। वह स्कूल मान्य है या नहीं। जाने-अनजाने में कहीं बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ तो नहीं किया जा रहा। इन सभी महत्वपूर्ण प्रश्नों को ध्यान में रखते हुए अपने बच्चे के लिए स्कूल का चुनाव करें।
नहीं मिले मान्यता से जुड़े कागज
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में स्थित गोरी गोदावरी इंटरनेशनल स्कूल और लुसेंट पब्लिक स्कूल में निरीक्षण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक गुरुवार को पहुंचें। गोरी गोदावरी इंटरनेशनल स्कूल के रजिस्टर में 18 शिक्षक और अन्य स्टाफ रजिस्टर्ड है, जिसमें केवल 12 स्कूल में मिले। प्रिंसिपल से मान्यता से संबंधित कागजात मांगे गए तो उन्होंने एक भी कागज नहीं दिखाया। निरीक्षण प्रक्रिया पूरी कर गोदावरी इंटरनेशनल स्कूल को मान्यता पर जवाब देने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा एक नोटीस जारी किया गया है।
अवैध रूप से चलती मिली क्लासेज
लूटेंस पब्लिक स्कूल में निरीक्षण के दौरान मान्यता से जुड़े कागजात मांगने पर 5वीं कक्षा तक की मान्यता के कागजात मिले, जो बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा दिए गए थे। लेकिन सवाल ये है कि 5वीं कक्षा तक मान्यता प्राप्त इस स्कूल में 9वीं और 10वीं कक्षाएं कैसे चल रही है। अवैध रूप से चल रही इन कक्षाओं पर स्कूल के प्रिंसिपल को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया गया है। वहीं दूसरी तरफ गोदावरी इंटरनेशनल स्कूल, जिसके पाद मान्यता से जुड़े कागजात ही नहीं है, उस स्कूल में पांचवीं, सातवीं और नौवीं की कक्षाएं अवैध रूप से चलती मिली। अवैध रूप से चल रही यह कक्षाएं आपके बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ही तो है। इन दोनों स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया गया है और जवाब का इंतजार किया जा रहा है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाही की जाएगी।
