ग्रेटर नोएडा

मात्र 10 रुपए में मिलेगा भरपेट पौष्टिक भोजन, धन्वंतरी अन्नपूर्णा केंद्र का हुआ शुभारंभ

राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स), ग्रेटर नोएडा में भर्ती मरीजों के परिजनों को अब मात्र 10 रुपये में स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल की शुरुआत सोमवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी, मनीष कुमार वर्मा ने धन्वंतरी अन्नपूर्णा केंद्र के रूप में की।

Image

GIMS के धन्वंतरी अन्नपूर्णा केंद्र में 10 रुपए में मिलेगा खाना

मरीजों के परिजनों को सस्ते में स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए, राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत वे मात्र 10 रुपए में भोजन देंगे। इसकी शुरुआत सोमवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी, मनीष कुमार वर्मा ने धन्वंतरी अन्नपूर्णा केंद्र के रूप में की है। संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर (डॉ.) राकेश गुप्ता ने बताया कि अब तक मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था तो थी, किंतु उनके परिजनों को भोजन के लिए बाहर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कई बार उन्हें भूखे भी रहना पड़ता था। इससे उनकी सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए धन्वन्तरी सेवा न्यास द्वारा अन्नपूर्णा केंद्र की स्थापना की गई है। आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर तीमारदारों को नि:शुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मरीजों के साथ परिजनों की भी देखभाल

धन्वंतरी सेवा न्यास प्रदेश के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी सफलतापूर्वक अन्नपूर्णा केंद्र चला रहा है, जिससे हजारों धन्वंतरी लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रेटर नोएडा संस्थान में इस केंद्र का संचालन प्रणब शर्मा अपनी टीम के साथ प्रतिदिन सुबह 11 बजे से करेंगे। शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था की लंबे समय से आवश्यकता थी। अब तीमारदारों को समय पर स्वच्छ और सुरक्षित भोजन मिलेगा, जिससे वे अपने मरीजों की देखभाल पूरी तन्मयता से कर सकेंगे।

छात्रों और नर्सों को टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के छह पैरामेडिकल छात्रों और दो नर्सों को टैबलेट और स्मार्टफोन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, संकायाध्यक्ष प्रशासन डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. (कर्नल) ब्रज मोहन सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article