ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में दिल्ली के डॉक्टर की हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला शव, किराएदार फरार

दिल्ली के एक डॉक्टर की ग्रेटर नोएडा में हत्या कर दी गई। डॉक्टर के बेटे को उसका शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से डॉक्टर के ग्रेटर नोएडा स्थित मकान में किराए पर रह रहे दो लोग फरार हैं। उन्होंने तीन दिन पहले ही घर किराए पर लिया था।

Image

फाइल फोटो

Doctor Murdered in Greater Noida: नोएडा में कुलेसरा गांव की संजय विहार कॉलोनी में दिल्ली के डॉक्टर की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर का शव एक कमरे में खून से लथपथ मिला है। डॉक्टर के सिर में चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को संदेह है कि मकान में किराए पर रहने वाले एक पुरुष और महिला ने डॉक्टर की हत्या की है। आरोपी महिला और पुरुष ने तीन दिन पूर्व ही डॉक्टर का कुलेसरा गांव में स्थित मकान किराये पर लिया था। इस घटना के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच कर रही है।

दिल्ली में परिवार के साथ रहते थे डॉक्टर

नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान डॉ दिनेश गौड़ (50) के रूप में की गयी है। डॉ दिनेश अपने परिवार के साथ दिल्ली के पॉकेट-डी कुंडली में रहा करते थे। उनका एक मकान ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव की संजय विहार कॉलोनी में है। जहां पर उन्होंने किराए पर देने के लिए कमरा बनाया हुआ है। इसी मकान के एक कमरे में उन्होंने अपना अस्थायी विश्राम कक्ष बनाया हुआ है। डॉक्टर दिनेश गौड़ 25 जनवरी की शाम को अपने ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा स्थित मकान पर दिल्ली से आए थे। उनके बेटे ने 26 जनवरी को उनको फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। वह देर रात को जब मकान पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला।

सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश

पुलिस आयुक्त ने बताया कि डॉक्टर के बेटे ने दरवाजा खोलकर देखा तो उसके पिता खून से लथपथ पड़े थे। इस पर बेटे ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि तीन दिन पहले ही एक पुरुष और महिला को उन्होंने कुलेसरा में स्थित अपने मकान में किराए पर कमरा दिया था। घटना के बाद से दोनों किराएदार फरार हैं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों और टीम की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article