Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस और गौकशी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जिसकी पहचान नाजिम पुत्र युनूस के तौर पर हुई। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर थे बदमाश
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि थाना दादरी पुलिस बाईपास पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक आती दिखी, जिसकी नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। लेकिन वह बाइक को तेज रफ्तार से चलाते हुए भागने की कोशिश करने लगा। जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। जब पुलिस की टीम नई बस्ती उर्फ बैरंगपुर जाने वाले रास्ते पर चिटहैरा शमशान के पास पहुंची, तब बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। जिसमें नाजिम पुत्र युनूस गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
बदमाश के पास से बरामद सामान
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि घायल बदमाश गौकशी के अपराध में संलिप्त था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एक रस्सी, इन्जैक्शन, सिरिंज सैफ प्लस, सुई मोटी पशु वाली, लोहे का धारदार हथियार और चोरी की स्पलैण्डर बिना नम्बर वाली मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस गिरफ्तार हुए बदमाश का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही अभियुक्त के फरार साथी की तलाश के लिए कांबिंग की जा रही है।
