Shaheed Pathik Sports Complex: ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट के दिग्गजों का जुटान होने जा रहा है। यह स्टेडियम फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज गवाह बनने जा रहा है। यहां बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने से क्रिकेट मैच शुरू होने जा रहा है। बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान शासन के बाद भारत की मेजबानी में यह पहली क्रिकेट सीरीज है।
मैचों का कार्यक्रम जारी
जानकारी के अनुसार, शहीद पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 25 जुलाई से छह अगस्त तक वनडे और टी-20 मैच होने हैं। इसके लिए बीसीसीआई ने कार्यक्रम जारी किया है। इस सीरीज में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश की टीम 22 जुलाई को भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेगी और सीरीज खत्म होने के बाद सात अगस्त को भारत से वापसी करेगी।
तीन वनडे और तीन टी-20 मैच होंगे
बता दें कि जुलाई और अगस्त में यहां मानसूनी बारिश होगी, जिस वजह से मैचों पर बारिश का असर पड़ सकता है। ऐसे में देखना होगा कि कितने मैच खेले जाते हैं। बताया गया है कि बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैच खेले जाने हैं।
भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ
बता दें कि अफगानिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता की वजह से वहां के खिलाड़ियों ने भारत से मदद मांगी थी, जिसके बाद बीसीसीआई ने अफगान क्रिकेटर की मदद की और उसे भरपूर सहयोग दिया। यही वजह है कि ग्रेटर नोएडा में भारत की मेजबानी में बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। अफगान क्रिकेटर ने कानपुर या ग्रेटर नोएडा में स्थित स्टेडियम को होम ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव दिया था।
