ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा की प्यास बुझाने को शुरू होंगे 16 जलाशय, घर-घर पहुंचेगा गंगाजल

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गंगाजल की आपूर्ति के लिए 16 अंडरग्राउंड जलाशय बनाने की तैयारी तेज कर दी है। गंगाजल परियोजना के तहत ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और पास के गांवों में 85 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जानी है। अथॉरिटी जल्द ही इनमें बिजली संबंधी काम भी कराएगा उसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

Image

घर-घर गंगाजल पहुंचाने को शुरू होंगे 16 भूमिगत जलाशय (सांकेतिक तस्वीर)

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा और पड़ोस के गांवों में पानी की आपूर्ति को लेकर अथॉरिटी बड़ी व्यवस्था करने वाली है। गंगाजल परियोजना के तहत घर-घर पीने लायक मीठा पानी पहुंचाने के लिए 16 जलाशयों को शुरू करने वाली है। दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने गंगाजल की आपूर्ति के लिए 16 भूमिगत जलाशय यानी अंडरग्राउंड रिजर्वायर (UGR) को शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। प्राधिकरण जल्द इनमें बिजली के काम कराएगा।

20 रिजर्वायर बनकर तैयार

दरअसल गंगाजल परियोजना के तहत ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के गांवों में 85 क्यूसेक पेयजल की आपूर्ति की जानी है। इसके लिए 25 भूमिगत जलाशयों का निर्माण किया जाना है, जिनमें से अब तक 20 UGR बनकर तैयार हो गए हैं। प्रथम चरण में 58 में से 54 सेक्टर में गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन पाइपलाइन के फटने और अन्य दिक्कतों की वजह से आपूर्ति बाधित हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण ने गंगाजल की पाइपलाइन को दुरुस्त करने के साथ सभी UGR को चालू करने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत 16 UGR में बिजली के कार्य के लिए टेंडर जारी की गई है।

शुरू होंगे 16 जलाशय

निर्बाध आपूर्ति के लिए मास्टर UGR के साथ जोनल UGR बनाए गए हैं। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक अगले कुछ महीनों में पूरी क्षमता के साथ गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए मास्टर UGR-1, 2, 3 एवं जोनल UGR-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 15 और 19 में बिजली के कनेक्शन और उपकरण लगाने के कार्य किए जाने हैं ताकि इन सभी अंडरग्राउंड जलाशयों को शुरू किया जा सके। इसमें लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत आएगी।

बिजली संबंधी काम के लिए जारी हो गए हैं टेंडर

इसे सुचारु रूप से चलाने और रखरखाव के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा, जो दो साल के लिए तय होगी। गंगाजल परियोजना के तहत शहर के सभी 25 UGR के शुरू होने पर पेयजल की कमी नहीं होगी। इसकी उम्मीद है कि केवल इन्हीं जलाशयों से पूरे पेयजल की आपूर्ति की जा सकेगी। फिलहाल गंगाजल परियोजना के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर टेकजोन-4, सेक्टर-2, 3 और ग्रेटर नोएडा ईस्ट इलाके के सेक्टर ईटा-2 में UGR बनाए जा रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) अभिषेक पाठक ने ये कहा कि जिन जलाशयों को बनाने का काम पूरा हो पूरा हो चुका है, उनके बिजली के कनेक्शन और उपकरण लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। यह काम पूरा कर 16 जलाशयों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article