Greater Noida News: पैसा जल्दी से दोगुना हो जाए, यह लालच किए नहीं होता। शातिर आपके इसी लालच का फायदा उठाते हैं। ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर रहा था। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ा है, जिनके पास से MG Hector और Nissan Magnite जैसी दो लग्जरी कारों के अलावा 5 लाख, 75 हजार रुपये नकद, भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और ठगी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है।
आरोपी बेहद चतुराई से ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गैंग एक फ्लैट में तख्त के अंदर एक खास सिस्टम छिपाकर रखता था। तख्त में तैयार सेटअप की मदद से वे नोटों की गड्डियों के ऊपर एक असली नोट रखते और नीचे उसी साइज के नॉर्मल कागज रख देते थे। किसी भी पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए वे असली नोट दिखाते, फिर ध्यान भटकाते ही बैग में नकली गड्डियां भरकर फरार हो जाते थे।
हाल में ही इस शातिर गिरोह ने एक महिला से 16.50 लाख रुपये लेकर उसे कागज की गड्डियों से भरा बैग पकड़ा दिया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने टेक्निकल और फील्ड इन्वेस्टिगेशन के आधार पर गैंग की लोकेशन ट्रेस की और सेक्टर–16B के पास एक निर्माणाधीन सोसाइटी से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्य ठगी में अलग–अलग भूमिकाएं निभाते थे - कोई ग्राहक तलाशता, कोई सौदा पक्का करता और कोई पैसा लेने के बाद बैग बदलने का काम करता था। गैंग दिल्ली के सरिता विहार में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है। साथ ही गिरोह के दो आरोपी गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र से पहले से ही वांछित थे।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है और गैंग के अन्य संपर्कों व संभावित पीड़ितों की भी जांच शुरू कर दी है।
