शहर

10 वर्षीय मासूम बनी प्रताड़ना का शिकार, पसलियों में फ्रैक्चर के साथ शरीर पर गहरे घाव, CRPF जवान और उसकी पत्नी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के CRPF कैंप से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक CRPF जवान और उसकी पत्नी को 10 वर्षीय बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि बच्ची से घरेलू काम कराए जा रहे थे और छोटी-छोटी बातों पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। गंभीर रूप से घायल बच्ची फिलहाल अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Image

बच्ची पर प्रताड़ना के आरोप में CRPF जवान और उसकी पत्नी गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा स्थित CRPF कैंप से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान और उसकी पत्नी को 10 वर्षीय बच्ची के साथ क्रूरता और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी तारीक अनवर अपनी पत्नी के साथ CRPF कैंप के आवास में रह रहा था। बच्ची, जो उसकी पत्नी की रिश्तेदार बताई जा रही है, बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के उनके साथ रह रही थी। आरोप है कि बच्ची से घर के सभी घरेलू कामकाज और छोटे बच्चों की देखभाल कराई जा रही थी।

छोटी बातों पर प्रताड़ना

जांच में सामने आया है कि बच्ची को मामूली बातों पर प्रताड़ित किया जाता था। 14 और 15 जनवरी की रात बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में आरोपियों ने इसे बाथरूम में गिरने की घटना बताया, लेकिन डॉक्टरों की जांच में सच्चाई सामने आ गई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार बच्ची का हीमोग्लोबिन महज 1.9 पाया गया है। उसके पसलियों में फ्रैक्चर, दांत टूटे हुए, नाखून उखड़े हुए और शरीर पर कई गहरे जख्म पाए गए। डॉक्टरों ने मामले को तुरंत मेडिको-लीगल केस घोषित किया।

इलाज के दौरान डिस्चार्ज कराने की कोशिश

एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि आरोपी जवान ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बच्ची को अस्पताल से डिस्चार्ज कराने का प्रयास किया। बाद में उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां यूपी पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। कई वरिष्ठ अधिकारी स्वयं अस्पताल पहुंचकर बच्ची की स्थिति का जायजा ले चुके हैं।

दोनों पति-पत्नी गिरफ्तार

सूबेदार मेजर की तहरीर पर थाना ईकोटेक-3 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं, जिनमें गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधान शामिल हैं, के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

CRPF ने जवान को किया निलंबित

जानकारी के मुताबिक आरोपी जवान 235वीं बटालियन में तैनात था और जनवरी 2024 से वीआईपी सुरक्षा से जुड़ी यूनिट में सेवाएं दे रहा था। CRPF ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं, जबकि पुलिस कैंप में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना ने सुरक्षाबलों के भीतर भी गहरी चिंता पैदा कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article