शहर

Greater Noida: कुआं पूजन में बवाल, मामूली झड़प के बाद युवक की धारदार हथियार से हत्या

ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद के बाद एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Image

फाइल फोटो

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान मनोज उर्फ लालू पुत्र ओमकार निवासी ग्राम चठिया, थाना मझला, जिला हरदोई के रूप में हुई है।

पूजन कार्यक्रम में भोजन के दौरान झड़प

पुलिस के अनुसार 26 फरवरी को थाना इकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत ग्राम तुस्याना में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि गांव में फिरी राम के यहां कुआं पूजन कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें मनोज भी शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान भोजन करते समय मनोज और गांव निवासी जगवीर भाटी पुत्र रतीराम भाटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

घर से बाका लेकर वापस आया आरोपी

आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने जगवीर को अपशब्द कह दिए, जिससे नाराज होकर जगवीर वहां से अपने घर चला गया। कुछ देर बाद जगवीर गुस्से में बाका (धारदार हथियार) लेकर वापस लौटा और मनोज की तलाश करने लगा। गांव की मुख्य सड़क पर एक बुग्गी गाड़ी के पास दोनों आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि इसी दौरान जगवीर ने बाका से मनोज के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, उसे कुचला नहीं गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी जगवीर भाटी को हिरासत में ले लिया है तथा हत्या में इस्तेमाल खूनालूदा बाका भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!