शहर

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, बेकाबू होकर नाले में गिरा ट्रक; ड्राइवर के शरीर में घुसा सरिया

ग्रेटर नोएडा में सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफॉर्मर से टकरा गया और नाले में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक के शरीर में सरिया घुसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

ग्रेटर नोएडा में सरिया लदा ट्रक नाले में गिरा

Photo : Times Now Digital

Greater Noida Accident News: ग्रेटर नोएडा में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद नाले में गिर गया। हादसे में ट्रक में लदा सरिया केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर में घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।

गाजियाबाद से दादरी जा रहा था ट्रक

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब छह बजे बादलपुर थाना क्षेत्र में छपरौला के पास जीटी रोड पर हुआ। ट्रक गाजियाबाद से दादरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हुआ। थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वाहन बेकाबू होकर पहले बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर नाले में जा गिरा। उन्होंने बताया कि इस दौरान ट्रक में लदा सरिया केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर में घुस गया, जिससे वह अंदर ही फंस गया। चालक को गैस कटर और हाइड्रा की मदद से बाहर निकाला गया। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

झपकी आने से हादसा होने की आशंका

गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को संभवतः झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चालक के शव को बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी आमिर (28) के रूप में हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

हादसे के बाद यातायात कुछ समय के लिए बाधित

पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण जीटी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। लेकिन बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक को घटनास्थल से हटवाया गया। जिसके बाद यातायात फिर से बहाल कराया गया। हादसे के वास्तविक कारण का पता करने के लिए जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article