रंगोत्सव 2026: बरसाना की लट्ठमार होली के लिए प्रशासन ने कसी कमर, सात जोन और 18 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Feb 15, 2026, 10:46 PM IST
उत्तर प्रदेश के चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मथुरा में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली के लिए सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान मेला क्षेत्र को सात जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। उत्सव के तहत विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, भव्य प्रवेश द्वार, सेल्फी प्वॉइंट और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मथुरा की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली 2026 की भव्य तैयारियां (फोटो: पीटीआई)
Lathmar Holi 2026 Mathura: उत्तर प्रदेश के चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रविवार को जानकारी दी कि मथुरा जिले में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र को सात जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मथुरा की यह विशेष होली अपनी अनूठी परंपराओं के कारण अलग पहचान रखती है। बरसाना में इसे ‘लट्ठमार होली’ कहा जाता है, गोकुल में ‘छड़ीमार होली’ और बलदेव में ‘हुरंगा’ के नाम से जाना जाता है। इस उत्सव में महिलाएं प्रतीकात्मक रूप से पुरुषों को लाठियों या छड़ी से मारती हैं। यह परंपरा भगवान कृष्ण द्वारा बाल्यकाल में गोपियों के साथ की गई चंचल लीलाओं की स्मृति में निभाई जाती है।
कहां-कहां होगा होली का आयोजन?
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने ’रंगोत्सव-2026’ की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता के बाद बताया कि 24 फरवरी को बरसाना के लाडिलीजी मंदिर में फाग आमंत्रण एवं लडडू होली, 25 फरवरी को लट्ठमार होली, 26 फरवरी को नन्दगांव व रावल में लट्ठमार होली, 27 फरवरी को श्रीकृष्णजन्म स्थान मंदिर एवं वृन्दावन के बांकेबिहारी मन्दिर में रंगों की होली तथा द्वारिकाधीश मंदिर में कुंज की होली और एक मार्च को गोकुल में छड़ीमार होली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन मार्च को फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर मथुरा में चतुर्वेदी समाज का डोला निकलेगा तथा होलिका दहन किया जाएगा और चार मार्च को जनपद भर में धूलेंडी का पर्व मनाया जाएगा।
लड्डू होली और लट्ठमार होली की तैयारियां
मंत्री ने जानकारी दी कि 5 मार्च को बलदेव और जाब गांव में हुरंगा तथा मुखराई, जबकि नंदगांव में चरकुला और हुरंगा का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 6 मार्च को बठैन और गिडोह में हुरंगा, 9 मार्च को महावन में छड़ीमार होली और 12 मार्च को वृंदावन स्थित रंगजी मंदिर में होली उत्सव आयोजित किया जाएगा। बरसाना में होने वाली विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली और लट्ठमार होली की तैयारियों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंचों का निर्माण, सजावट, भव्य प्रवेश द्वार, सेल्फी प्वाइंट और कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण की व्यवस्था पर्यटन विभाग तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा की जाएगी।
रंगोत्सव 2026 के लिए 24 भव्य प्रवेश द्वार
मंत्री ने बताया कि ‘रंगोत्सव 2026’ के तहत जिले के अलग-अलग स्थानों पर लगभग 24 भव्य प्रवेश द्वार स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 12 प्रमुख स्थलों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। प्रमुख सार्वजनिक भवनों, महत्वपूर्ण चौराहों और मुख्य स्थानों को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा, ताकि उत्सव का माहौल और भी भव्य बने। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने जानकारी दी कि बरसाना में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए कस्बे को सात जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
पार्किंग की क्या व्यवस्था रहेगी?
यहां 56 पार्किंग स्थलों और 94 बैरिकेड्स की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि 13 स्थानों पर अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे तथा पांच दोपहिया एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा, पांच वॉच टावर और पांच स्थानों पर अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के जरिए निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई जगहों पर बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र और नियंत्रण कक्ष भी बनाए जा रहे हैं।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
