शहर

गोरखपुर में दिनदहाड़े डकैती, रिटायर्ड लेखपाल के घर में घुसे बदमाश; परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट

गोरखपुर में कुछ हथियारबंद बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर में जबरन घुसकर परिवार को बंधक बना लिया। जिसके बाद घर से 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने बच्चों को भी गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

फाइल फोटो

Gorakhpur News: गोरखपुर जिले में एम्स थाना क्षेत्र के राजही मौर्य चौराहे के पास एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर से डकैती की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कुछ हथियारबंद लुटेरे घर में घुस आए और उन्होंनेने परिजन को बंधक बनाकर 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लूट ली। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

बंदूक के बल पर घर में घुसे बदमाश

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सोमवार की शाम को एम्स थाना क्षेत्र के राजही मौर्य चौराहे के पास सेवानिवृत्त लेखपाल बलेंद्र सिंह (70) के घर का दरवाजा खटखटाया गया। सिंह ने जैसे ही दरवाजा खोला, एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल रखकर उन्हें अंदर धकेला और उसके साथ बाकी बदमाश घर में घुस गये। उन्होंने बताया कि सिंह ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनके सिर पर पिस्टल का बट मारा। उसके बाद बदमाशों ने उनकी पत्नी ऊषा, बहू कल्पना और साली पूर्णिमा के गहने उतरवाये और फिर परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया।

लुटेरों की उम्र 20 साल के करीब

सूत्रों ने बताया कि परिजन का कहना है कि बदमाशों ने बलेंद्र सिंह के दो पौत्रों को उठाया और अलमारी की चाबी नहीं देने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इस डर से महिलाओं ने चाबियां दे दीं। उसके बाद बदमाशों ने लगभग 25 मिनट के अंदर अलमारी व अन्य स्थानों पर रखी नकदी समेत कई कीमती सामान लूट लिये और भाग गये। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस टीमें संदिग्धों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। माना जा रहा है कि लुटेरे 20 साल के आसपास की उम्र के हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article