Brij Bhushan Gifted Horse: पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह एक बार फिर अपनी लग्जरी लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह बना है डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का एक खास घोड़ा, जिसने उनके अस्तबल की शान बढ़ा दी है। खास बात यह है कि यह घोड़ा उन्होंने खरीदा नहीं, बल्कि गिफ्ट में मिला है। यह तोहफा दिया है, जो उनके सांसद बेटे करण भूषण सिंह के दोस्तों ने उन्हें दिया है।
यह घोड़ा पंजाब से आया है। जैसे ही यह घोड़ा गोंडा पहुंचा, उसे देखने वालों की भीड़ जुट गई। खुद बृजभूषण सिंह ने अस्तबल पहुंचकर घोड़े का स्वागत किया। वह घोड़े को प्यार करते नजर आए। वहीं, जब घोड़े की कीमत का उन्हें पता चला तो वह हंसते हुए बोले, 'यार, हम तो पागल हो जाएंगे।'
घोड़े की खासियत जान हो जाएंगे हैरान
पूर्व सांसद ने बताया कि यह घोड़ा महज दो साल का है और इंटरनेशनल रेस में दौड़ चुका है। एक प्रतियोगिता में यह 17 लाख रुपये का इनाम भी जीत चुका है। घोड़े का अलग से पासपोर्ट बना है, जिससे वह विदेशों में भी रेस और प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकता है।
वहीं, लग्जरी, शौक और रुतबे की इस कहानी ने एक बार फिर बृजभूषण सिंह को सुर्खियों में ला दिया है। जिन्होंने यह घोड़ा गिफ्ट दिया, उनके नाम तेजवीर बरार, गुरप्रीत और दीपक हैं। ये तीनों पंजाब में हॉर्स रेसिंग एकेडमी से जुड़े हुए हैं।
बताया जाता है कि इस तोहफे से पहले सिंह के पास पहले से ही तीन महंगे मारवाड़ी घोड़े मौजूद हैं। उनमें से एक बादल है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, और दूसरा बुलेट है, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है। नए घोड़े के आने के बाद अब घोड़ों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इसके अलावा, बृज भूषण के पास 150 से ज्यादा गायें हैं, जिनमें से लगभग 70 गिर नस्ल की हैं। हर गिर नस्ल की गाय की कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा है।
