शहर

Bareilly News: छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा को ट्रेन के आगे फेंका, हाथ पैर कटे

बरेली में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो शोहदों ने एक छात्रा को ट्रेन के आगे फेंक दिया, जिससे उसका एक हाथ और दोनों पैर कट गए। छात्रा अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रही है।

Image

छात्रा को ट्रेन के आगे फेंका

बरेली: यूपी में अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। महिलाओं-बेटियों के खिलाफ क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसी तरह बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। यहां छेड़खानी का विरोध करने पर कोचिंग से घर लौट रही छात्रा को शोहदों ने ट्रेन के आगे फेंक दिया, जिससे उसका एक हाथ और दोनों पैर कट गए। साथ ही उसकी कई हड्डियां भी टूट गई हैं। घायल छात्रा अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अफसरों को मौके पर जाकर पीड़ित परिवार से बात कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार सुबह आईजी राजेश कुमार सिंह, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने अस्पताल पहुंचकर परिवार और उपचार कर रहे डॉक्टरों से बात की। घटना को लेकर सीबीगंज इंस्पेक्टर अशोक कम्बोज, हल्का इंचार्ज नितेश कुमार समेत दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। शासन की ओर से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

दरअसल, सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी इंटर की छात्रा रोजना शाम को सीबीगंज कोचिंग पढ़ने जाती थी। पीड़ित लड़की के चाचा के अनुसार, रास्ते में शोहदा और उसका साथी छेड़छाड़ करते थे। हालांकि, छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों को पहले ही दी थी। इस पर परिजनों ने आरोपियों के घर वालों से शिकायत भी की थी, मगर उन्होंने लड़की का पीछा नहीं छोड़ा।

बाताया जा रहा है मंगलवार को भी छात्रा कोचिंग के लिए घर से गई थी। लेकिन, शाम को लौटने समय वह खड़ौआ रेलवे क्रॉसिंग के पास लहूलुहान हालत में मिली। उसके दोनों पैर और एक हाथ कटा हुआ था। पता चला कि उन्हीं दोनों युवकों ने उसे रास्ते में रोककर पहले छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे ट्रेन के आगे फेंककर जान लेने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे इज्जतनगर क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उसका ऑपरेशन किया गया। छात्रा अब अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही। घटना के बाद छात्रा का परिवार भी अफसोस कर रहा है कि समय रहते ही अधिकारियों से शिकायत क्यों नहीं की। पीड़ित छात्रा पिछड़ी जाति से ताल्लुक रखती है। मौजूदा समय में उसकी ताई उक्त गांव की प्रधान हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article