आगरा : जिले में बुधवार को चलती स्कूल बस से गिरकर 9 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। यह घटना एत्मादपुर थाना क्षेत्र के नगला काले गांव की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि कक्षा एक में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा नैना स्कूल से छुट्टी के बाद बस से अपने घर लौट रही थी। बस में बच्चों की संख्या भी काफी थी और छात्रा एक सीट पर बैठी हुई थी। अचानक सीट के नीचे का हिस्सा टूटने से नैना चलती बस से नीचे सड़क पर गिर गई। इससे पहले कि ड्राइवर कुछ समझ पाता, बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
आगरा में एक निजी स्कूल की बस से गिरकर 9 साल की छात्रा की मौत
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बस में मौजूद अन्य बच्चे हादसे को देख जोर-जोर से चिल्लाने लगे। हालांकि, बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने बस रोकी और घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्कूल बस से बच्चे लाए-ले जाए जा रहे थे, उसकी हालत काफी खराब थी। बस की सीट और फर्श पहले से टूटे हुए थे और उन पर अस्थायी जुगाड़ लगाया गया था। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा के साथ लापरवाही बरत रहा था और जर्जर बस को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा था।
घटना के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर स्कूल बसों की फिटनेस और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
