Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चौंकाने देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों से विवाद के बाद गुस्से में आकर जेसीबी मशीन से ससुराल के मकान की चहारदीवारी को ढहा दिया। बता दें कि यह अजीबोगरीब घटना जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है। यह मामला बुधवार देर रात का है, जब पूरा गांव सो रहा था, ठीक उसी दौरान आरोपी पिंटू मंडल जेसीबी लेकर ससुराल पहुंच गया और घर की दीवारें ढहाना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस तोड़फोड़ से गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख आरोपी मौके से जेसीबी लेकर फरार हो गया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
विदाई की जिद पर दामाद का बुलडोजर वाला प्रतिशोध
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, इस मामले पर आरोपी पिंटू मंडल ने पुलिस को इस कार्रवाई के पीछे की वजह पत्नी का बार-बार मायके जाना और ससुराल वालों द्वारा उसे वापस न भेजने को बताया। पिंटू का दावा है कि उसकी शादी साढ़े चार साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी अक्सर मायके में ही रहती थी। उसने कई बार पत्नी की विदाई कराने की कोशिश की। यहां तक ससुराल वालों से मिन्नतें भी की। लेकिन जब ससुर और साले उसकी बात नहीं माने और उसकी पत्नी को विदा नहीं, तो वह मानसिक तनाव में आ गया। इसी नाराजगी और गुस्से के चलते उसने आधी रात को जेसीबी से ससुराल पर हमला बोल दिया, ताकि उन्हें सबक सिखा सके।
पत्नी ने लगाए शराब और मारपीट के गंभीर आरोप
इस मामले पिंटू मंडल के आरोप के बात पत्नी उर्मिला देवी ने अपने पति के दावों को पूरी तरह से गलत बताया। उर्मिला का कहना है कि उसका पति पिंटू शराब का आदी है और घर आने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता है। अपनी और अपने दो बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह मायके में रहने को मजबूर हो गई। उर्मिला ने आरोप लगाया कि पहले भी पंचायत में विवाद सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वहां भी पति ने हंगामा किया और उसके गहने छीन लिए। जमुआ थाना प्रभारी विभूतिदेव कुमार के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है, जिसके बाद कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - आईएएनएस)
