शहर

गाजियाबाद: 'साहब हमसे गलती हो गई' के पोस्टर लेकर थाने पहुंचे बदमाश; पुलिस ने दिलाई अपराध न करने की शपथ

Criminal Verification Drive: पुलिस ने थाना साहिबाबाद क्षेत्र के उन सभी लोगों को चिन्हित कर थाने तलब किया, जिनका वर्तमान या पूर्व में कोई भी आपराधिक इतिहास रहा है।

Image

गाजियाबाद: 'साहब हमसे गलती हो गई' के पोस्टर लेकर थाने पहुंचे बदमाश; पुलिस ने दिलाई अपराध न करने की शपथ

Ghaziabad Police: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने और बदमाशों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बड़ा और अनोखा विशेष सत्यापन अभियान (Verification Drive) शुरू किया है। हाल ही में खोड़ा क्षेत्र में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड से सबक लेते हुए गाजियाबाद पुलिस अब अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में बुधवार को साहिबाबाद थाने में एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जहां इलाके के दर्जनों नामी अपराधी हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर लाइन में खड़े नजर आए।

हाथों में पोस्टर ले बोले अपराधी- 'साहब, हमसे गलती हो गई'

डीसीपी सिटी/ट्रांसहिंडन धवल जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस ने थाना साहिबाबाद क्षेत्र के उन सभी लोगों को चिन्हित कर थाने तलब किया, जिनका वर्तमान या पूर्व में कोई भी आपराधिक इतिहास (Criminal History) रहा है।

अभियान के दौरान जब भारी संख्या में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग साहिबाबाद थाने पहुंचे, तो कई अपराधियों के हाथों में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखे संदेश वाले पोस्टर दिखाई दिए। इन पोस्टरों पर लिखा था- 'साहब, हमसे गलती हो गई, हम आगे से कोई भी अपराध नहीं करेंगे।' थाने के भीतर अपराधियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर भविष्य में कभी अपराध की दुनिया में कदम न रखने की कसम खाई।

सुधर जाओ, वरना होगी ऐसी कार्रवाई...: डीसीपी धवल जायसवाल

थाने में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों को दो टूक शब्दों में सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या इलाके में गुंडागर्दी में उनकी संलिप्तता (Involvement) पाई गई, तो उनके खिलाफ ऐसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिसे वे भूल नहीं पाएंगे। पुलिस ने सभी को अपराध से तौबा कर मुख्यधारा में लौटने की नसीहत दी।

सूर्या चौहान मर्डर केस के बाद पुलिस बेहद सतर्क

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया, 'हाल ही में थाना खोड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद गाजियाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति (Repeat) को रोकने के लिए पूरे जनपद स्तर पर अपराधियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।'

उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले के सभी अपराधियों को यह सख्त संदेश दिया जा रहा है कि गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो सुधरना चाहते हैं, उन्हें पुलिस सामान्य जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है, लेकिन जो बाज नहीं आएंगे, उनके लिए जेल का रास्ता खुला है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article