Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बाइक सवार युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने युवक को अचानक गिरते हुए देखा तो उसे बचाने के लिए सीपीआर दिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई और लोगों ने व्यक्ति को बचाने की हर मुमकिन कोशिश भी की। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, यह मामला कोतवाली कटघर इलाके के पचपेड़ा का है।
सामने आई सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक चलाते हुए गली में घुसा। यहां पहले से पार्क बाइक तक पहुंचते हुए उसे अचानक दिल का दौरा पड़ा। खुद को संभालने की कोशिश करते हुए वह गिरने लगा। पीछे से आ रहे एक अन्य व्यक्ति ने उसे देखा तो दौड़कर बाइक पकड़ी। तभी अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और उसे बाइक से उतारकर सीपीआर दिया गया। लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। दिल का दौरा पड़ने से युवक की मौके पर मौत हो गई।
