Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला ने एक व्यक्ति पर सामूहिक दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाया। पुलिस ने मंगलवार को व्यक्ति के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर लिया है। कवि नगर के सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ी गई महिला ने विगत पांच मई को विनीत गर्ग और उसके दो दोस्तों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
सामूहिक दुष्कर्म का झूठा मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि गर्ग ने अदालत में उससे मुलाकात की और कहा कि उसके पास उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें हैं। सिंह ने बताया कि महिला ने मुकदमे में आरोप लगाया था कि गर्ग ने उसे ब्लैकमेल करके हापुड़ चुंगी के पास सड़क किनारे स्थित एक ढाबे पर बुलाया, जहां गर्ग ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसे कार में जबरन बैठाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जांच में फर्जी निकला मामला
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच में पता चला कि महिला ने गर्ग के खिलाफ कई मामले दर्ज कराए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पाया कि महिला वहां सिर्फ खाना खा रही थी और फिर अकेली चली गई। अधिकारी ने बताया कि गर्ग के घर के सीसीटीवी और मोबाइल की लोकेशन से पुष्टि हुई कि घटना के समय वह अपने घर पर ही था। सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि महिला को पुलिस ने गैंगस्टर घोषित कर रखा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
