Amroha: पालतू जानवरों के साथ लोगों के प्रेम के बारे में तो सभी लोग जानते हैं। लेकिन क्या आपने कभी इस प्रेम के चलते किसी को जान देते हुए देखा है। ऐसा ही हैरान कर देने वाला एक मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से सामने आया है। यहां एक महिला का बिल्ली के प्रति प्रेम इतना बढ़ गया था कि उसकी मौत के बाद महिला ने भी आत्महत्या कर ली। जी हां, बिल्ली की मृत्यु के गम में अपने घर की तीसरी मंजिल पर एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी है। बिल्ली के प्रति महिला का प्रेम देख हर कोई अचंभित है।
बिल्ली के मरने पर महिला ने दी जान
मिली जानकारी के अनुसार, हसनपुर नगर के मोहल्ला रहरा रोड शिव मंदिर के निकट स्थित स्वर्गीय गुलाब दास की 35 वर्षीय बेटी पूजा ने शनिवार की देर शाम मकान की तीसरी मंजिल पर जाकर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि बिल्ली की अचानक मौत के बाद तीन दिन तक महिला मरी हुई बिल्ली को अपने साथ लेकर सोती रही। आखिरकार जब बिल्ली जिंदा नहीं हुई तो उसने भी बिल्ली के गम में फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या की सूचना परिजनों के द्वारा 112 डायल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले की पूछताछ के दौरान परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतका दो भाई तथा दो बहनों में सबसे बड़ी थी। मृतक का नाम पूजा था। उसने काफी समय से एक बिल्ली पाल रखी थी और बिल्ली के साथ ही उसका खाना पीना सोना होता था। 3 दिन पहले उसकी पालतू बिल्ली की मौत हो गई थी। बिल्ली के जिंदा होने की आस में पूजा 3 दिन से उसे अपने पास लेकर सो रही थी। आखिर जब तीन दिन बाद भी बिल्ली की सांस नहीं चली तो उसने अपनी सांस खत्म कर ली। युवती की मौत से मां गजरा समेत परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
