Namo Bharat Train: नमो भारत रैपिड रेल परियोजना को रफ्तार मिलने वाली है। यूपी सरकार ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल कॉरिडोर के लिए बजट का आवंटन किया है। इस कॉरिडोर के लिए 914 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। दिल्ली से मेरठ तक के इस कॉरिडोर में 25 स्टेशन होंगे। वर्तमान में नमो भारत ट्रेन 17 किमी का सफर तय कर रही है। यह ट्रेन साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक चल रही है। नमो भारत मार्च के अंत तक दुहाई डिपो से मेरठ दक्षिण तक चलना शुरू हो जाएगी।
यूपी सरकार का बजट
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को यूपी का बजट पेश किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में 8 वां बजट पेश किया। इस ऐतिहासिक बजट का आकार 7, 36,437 करोड़ रुपये हैं। जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर गरीब और किसानों तक पर फोकस किया गया है। इस बजट में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम परियोजना में उत्तर प्रदेश के अंश के रूप में धनराशि का आवंटन किया है। यूपी सरकार ने 914 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित की है।
मार्च में मेरठ तक दौड़ेगी नमो भारत
नमो भारत रैपिड रेल परियोजना के तहत 82 किमी लंबे कॉरिडर पर निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें से 68 किमी हिस्सा गाजियाबाद और मेरठ जिले में आता है और बाकी का 14 किमी भाग दिल्ली में आता है। इस परियोजना के पहले खंड में नमो भारत साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किमी की यात्रा शुरू कर चुकी है। इसके दूसरे खंड में दुहाई से मेरठ दक्षिण स्टेशन तक ट्रेन चलेगी। यह खंड 25 किमी लंबा है। जिस पर मार्च के अंत में नमो भारत ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा।
