गाजियाबाद

Ghaziabad News: गाजियाबाद में भीषण हादसा, दो गाड़ियों में टक्कर के बाद लगी आग, एक शख्स की जलकर मौत, दूसरा घायल

Ghaziabad News: गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो कारों की टक्कर के बाद आग लग गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एबीएस कॉलेज के पास हुआ, जहां एक कार चालक स्टेपनी बदल रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

Image

गाजियाबाद में दो गाड़ियों में टक्कर के बाद लगी आग

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो गाड़ियों की टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें झुलसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना एबीएस कॉलेज के पास हुई, जहां एक खड़ी कार में पीछे से आ रही दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय खड़ी कार का चालक स्टेपनी बदल रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई और स्टेपनी बदल रहा व्यक्ति गाड़ी के नीचे फंस गया।

एक शख्स की जलकर मौत

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। गाजियाबाद के चीफ फायर ऑफिसर राहुल पॉल ने बताया कि फायर विभाग को दोपहर 2:26 बजे ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस दुर्घटना की जानकारी दी गई थी। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक व्यक्ति की जलकर मौत हो चुकी थी।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक सेलेरियो कार का टायर पंक्चर हो गया था और वाहन चालक सड़क किनारे स्टेपनी बदल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दूसरी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के चलते खड़ी कार में आग लग गई और नीचे काम कर रहा व्यक्ति बाहर नहीं निकल पाया।

जलती कार के नीचे फंसे व्यक्ति को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन वह समय रहते बाहर नहीं आ सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में पास खड़े एक अन्य व्यक्ति को भी चोट आई है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article