गाजियाबाद

एक झपकी ने निगल ली 3 जिदंगी, तेज रफ्तार ट्रक में भिड़ी DCM; 27 लोगों की हालत गंभीर

Bulandshahr Accident: बुलंदशहर में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। डीसीएम में 36 लोग सवार थे, जिनमें से 27 लोगों की गंभीर हालत के चलते उन्हें मेरठ हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Bulandshahr Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में 27 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ अनूपशहर समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डीसीएम सवार सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पंजाब से मजदूर शाहजहांपुर जा रहे थे

यह हादसा कोतवाली जहांगीराबाद क्षेत्र के रौंडा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डीसीएम सवार लोग पंजाब में भट्टे से मजदूरी करके अपने घर शाहजहांपुर जा रहे थे। तभी डीसीएम की तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि डीसीएम में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। डॉक्टरों ने 27 लोगों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेरठ हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है।

ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ हादसा

एसपी तेजवीर सिंह ने बताया, "16 मई की सुबह बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। पंजाब के मोडा से शाहजहांपुर और हरदोई जा रही एक गाड़ी के चालक को नींद आ गई और गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। इस गाड़ी में 36 यात्री सवार थे। सूचना मिलने पर जहांगीराबाद और आसपास के थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल पहुंचाया। लाए गए 34 घायलों में से तीन लोगों की मौत हो गई है, बाकी 27 लोगों को रेफर किया गया है।"

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article