Meerut News: यूपी के मेरठ से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां टोलकर्मियों ने सेना के जवान की बुरी तरह से पिटाई की है। जानकारी के अनुसार, जवान कश्मीर ज्वाइनिंग के लिए जा रहा था और टोल प्लाजा पर लगे लंबे जाम में फंस गया था। इस जाम का विरोध करने पर टोलकर्मियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोलकर्मियों को जवान के साथ मारपीट करते हुए देखा गया है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला सरूरपुर थाना क्षेत्र के भुनी टोल प्लाजा का है। रविवार रात सेना में कार्यरत कपिल अपनी छुट्टियां बिताने के बाद कश्मीर तैनाती के लिए जा रहे थे। वह अपने दोस्त के साथ दिल्ली जा रहे थे, तभी करनाल हाईवे पर भुनी टोल प्लाजा पर भारी जाम लगा हुआ था। जाम को लेकर उनकी टोलकर्मियों से कहासुनी हो गई, जिस पर टोलकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। इस मामले को लेकर जवान के परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया और पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। सामने आई वीडियो में आप लात-घूंसे चलते हुए देख सकते हैं।
जवान के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए सीसीटीवी वीडियो के आधार पर मामले की जांच की और चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाश कर रही है।
