Hapur News: यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार देर रात एक संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर नवीन कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रीत विहार इलाके के जंगल में हुई, जहां नवीन किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। बाइक पर सवार नवीन और उसके एक साथी को जब एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीमों ने घेरा, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली लगने से नवीन घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के सिपाही अंकुर और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के सब-इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह को भी गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी आरके मिश्रा ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान नवीन कुमार पुत्र सेवाराम निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य था और शार्प शूटर के तौर पर काम करता था। वह गैंग के करीबी सदस्य हाशिम बाबा के साथ मिलकर अपराध करता था।
फरार साथी की तलाश जारी
आरोपी पर दिल्ली और यूपी में हत्या के चार, अपहरण के दो, मकोका के दो, गैंगस्टर एक्ट सहित हत्या के प्रयास और डकैती समेत कुल करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली के दो मामलों में उसे सजा भी मिल चुकी है। मुठभेड़ के दौरान नवीन का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में एसटीएफ और पुलिस की टीम कॉम्बिंग कर रही है। मौके से एक पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई है।
