Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपराध बढ़ता जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जाता रहा है। गाजियाबाद के दो अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि दो बदमाशों को नंदग्राम थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है, तो वहीं 4 बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में क्रॉसिंग रिपब्लिक से गिरफ्तार किया है।
नंदग्राम में दो बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस रोज की तरह चेकिंग कर रह थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को आते हुए देखा गया। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया तो बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस को पीछा करता देख बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी। पुलिस ने दोनों शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्रासिंग रिपब्लिक में चार बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि 45,000 रुपये की चोरी के मामले में वांछित चल रहे चार बदमाश दो मोटरसाइकिल और एक ऑटो में सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की और मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस को देख चारों बदमाश मोटरसाइकिल सवार होकर भागने लगे। पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए। पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह चारों बेहद शातिर बदमाश है। पूछताछ के दौरान चारों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
