Rapid Rail: रैपिड रेल में स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल के लिए खास इंतजाम, हर कोच में इमरजेंसी बटन के अलावा कई अन्‍य सुविधा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 26, 2023, 12:47 PM IST

Rapid Rail: रैपिड रेल में सफर करने वाले यात्रियों को हेल्‍थ इमरजेंसी में तुरंत मदद मिलेगी। इसके लिए एनसीआरटीसी ने ट्रेन के सभी कोच में जहां इमरजेंसी बटन लगाया है, वहीं मेडिकल सुविधा के लिए सभी स्‍टेशनों पर हेल्‍ट टीम तैनात कर रहा है। इसके अलावा हेल्‍थ सुविधा देने के लिए गाजियाबाद के चार अस्‍पतालों को भी अपने पैनल में शामिल किया है।

KEY HIGHLIGHTS
  • स्‍वास्‍थ्‍य मदद के लिए सभी कोच में लगाए गए हैं इमरजेंसी बटन
  • ट्रेन ड्राइवर से संपर्क करते ही अगले स्‍टेशन पर मिलेगी मदद
  • इमरजेंसी में यात्रियों को गाजियाबाद के चार अस्‍पतालों से मिलेगी मदद


Rapid Rail: रैपिड रेल में सफर करने के लिए अभी आपको कुछ माह और इंतजार करना पड़ सकता है। रैपिड रेल के प्रारंभिक खंड पर मार्च से ट्रेन का परिचालन शुरू होने की उम्‍मीद थी, लेकिन अब यह मई या जून माह में शुरू हो सकता है। हालांकि इस दौरान देश की पहले रैपिड रेल से जुड़ी कई अहम जानकारियां निकल कर सामने आ रही हैं। रैपिड रेल में सफर करने वाले यात्रियों के स्‍वास्‍थ्‍य का पूरा ध्‍यान रखा जाएगा। हेल्‍थ इमरजेंसी में यात्रियों को तुरंत स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा देने के लिए इसके हर कोच में इमरजेंसी बटन लगाया है। स्‍वास्‍थ्‍य खराब होने पर यात्री इस बटन को दबा सीधे चालक से बात कर सकेंगे। जिसके बाद चालक अगले स्‍टेशन पर हेल्‍थ इमरजेंसी का अलर्ट भेजेगा और यात्री के वहां पहुंचने से पहले ही मेडिकल टीम तैनात मिलेगी।

rapid rail

रैपिड रेल

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) के एक अधिकारी ने बताया कि, सफर के दौरान यात्रियों को हेल्‍थ इमरजेंसी में सबसे पहले एनसीआरटीसी के डॉक्टरों की टीम स्‍टेशन पर प्राथमिक उपचार देगी। अगर यात्री की तबीयत ज्‍यादा बिगड़ती है तो उसे तुरंत ही स्टेशन पर मौजूद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए एनसीआरटीसी ने गाजियाबाद के वरदान मल्टी स्पेशेलिटी अस्पताल, आरोग्य अस्पताल, नरेंद्र मोहन अस्पताल और ली क्रेस्ट अस्पताल को अपने पैनल में शामिल किया है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के सभी स्टैंडर्ड कोच में फोल्डेबल स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की सुविधा होगी।

End of Feed