Ghaziabad News: गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक सफर करने वालों के लिए एक खास खबर है। नेशनल हाईवे 9 से शाहबेरी के बीच लगने वाले जाम की समस्या में कुछ कमी आने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए, क्योंकि नगर निगम ने नए नाले के ऊपर जल्द ही सड़क बनाने की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत, पहले करीब दो किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा, जिसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शाहबेरी रोड के जाम से मिलेगी मुक्ति
क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीधा फायदा
क्रॉसिंग रिपब्लिक में करीब 29 सोसाइटियां हैं, जिसमें एक लाख से अधिक लोग रहते हैं। NH 9 से क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले शाहबेरी मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण इसपर हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। खास तौर पर सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर जाम की स्थिति बहुत गंभीर होती है।
अब नगर निगम ने योजना बनाई है कि नाले के ऊपर से सड़क बनाई जाए। जिसकी चौड़ाई 45 मीटर होने की संभावना है। इससे क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को सीधा फायदा होगा।
जल्द मिलेगी मंजूरी
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक इस रोड के साथ एक नाला बहता है, जिसके बावजूद इस एरिया में पानी के निकासी की समस्या बनी रहती है। इसे समस्या से निजात के लिए पहले नाले को बनाया जाएगा, जिसके ऊपर दो किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। सड़क बन जाने से जाम की समस्या में भी कमी आएगी।
अधिकारी ने इसकी जानकारी भी दी कि इस प्रोजेक्ट तैयार करके शासन को भेज दिया गया है और इसको लेकर दो मीटिंग भी हो चुकी है।
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि अगली मीटिंग में इस परियोजना को मंजूरी मिल सकती है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी जल निगम की कार्यदायी संस्था C&DS (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज)को दी गई है। ऐसा अनुमान है कि इस परियोजना के निर्माण में 132 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
