गाजियाबाद

पेशी पर आया बंदी कोर्ट रूम से फरार, कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस की दो टीमें तलाश में जुटी

Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक हत्या के आरोपी को पेशी के लिए कोर्ट रूम लाया गया था। जहां से सिपाही को चकमा देकर बंदी फरार हो गया। उसकी तलाश में दो पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। कांस्टेबल और फरार बंदी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

Image

हत्यारोपी विनीत उर्फ गोलू

Ghaziabad News: गाजियाबाद में शुक्रवार को कोर्ट रूम में पेशी के लिए आया हत्या का आरोपी फरार हो गया। कांस्टेबल रामपाल उसे लेकर कोर्ट पहुंचा था। जिसके बाद कोर्ट रूम के गेट पर बंदी को छोड़कर वह पेशगार से पेशी के मामले में पूछताछ करने चला गया। इसी दौरान आरोपी विनीत उर्फ गोलू मौका पाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस के कचहरी में तलाश कराने पर भी वह कहीं नहीं मिला। कचहरी चौकी प्रभारी की शिकायत पर पेशी पर लाने वाले सिपाही और फरार बंदी के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

3 साल से जेल में बंद है हत्यारोपी

कोर्ट से फरार आरोपी विनीत तीन साल से जेल में था। वह भोजपुर थानाक्षेत्र के मुकीमपुर गांव का रहने वाला है। इस गांव में 2 सितंबर 2021 को नरेश नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी हत्याकांड में विनीत गाजियाबाद की डासना जेल में बंद था। शुक्रवार दोपहर को उसे पेशी पर कोर्ट में लाया गया था। नियमत: कोर्ट रूम में किसी भी बंदी को हथकड़ी नहीं लगाई जाती और न ही रस्से से बांधा जाता है। कांस्टेबल रामपल बंदी को लेकर कोर्ट रूम पहुंचा और उसे गेट के पास खड़ा करके डायस पर पूछने लगा की तारीख कब लगेगी?

लापरवाही का मुकदमा दर्ज

कांस्टेबल जब डायस पर बैठे मुंशी से तारीख के बारे में पूछकर वापस आया, तो बंदी लापता था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने पूरे कचहरी परिसर में आरोपी की तलाश की, लेकिन वह मिला नहीं। ACP अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि कांस्टेबल के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article