मुरादाबाद में रविवार तड़के नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा हो गया। जहां 10 लोग खराब ट्रक को धक्का लगाकर साइड कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घायलों में से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रहहै।
DCM से घर वापस लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार डीसीएम सवार लोग गुरुग्राम में मजदूरी करने गए थे। ये लोग डीसीएम से अपने गांव वापस आ रहे थे। इसी दौरान रविवार तड़के करीब 3:30 बजे दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे बाईपास पर कल्याणपुर की पुलिया के पास डीसीएम खराब हो गई। कुछ मजदूर इस डीसीएम को धक्का मारकर साइड करने की कोशिश कर रहे थे। तभी पीछे से आए दूसरी डीसीएम ने इन मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों और मृतकों की पहचान
इस हादसे में मरने वाले लोग लखीमपुर खीरी के बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अशोक पुत्र चंद्रिका प्रसाद, 45 वर्षीय शंभु पुत्र बाबू सिंह और 29 वर्षीय लवकुश पुत्र मूलचंद निवासी के तौर पर हुई है। वहीं घायलों की पहचान डीसीएम का हेल्पर 34 वर्षीय राकेश, 40 वर्षीय रामलखन पुत्र रघुराज, चेतराम पुत्र छब्बाराज, मोहित पुत्र विनोद, 50 वर्षीय शांति देवी पत्नी शंभू, देवी, 32 वर्षीय विनोद पुत्र जसकरन के रूप में हुई है।
