Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिले के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) की एक कमर्शियल बिल्डिंग में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिल्डिंग में आग लगने के बाद रास्ता नहीं होने के कारण कुछ लोग खिड़की से निकलकर लटकते हुए नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
सौ से अधिक लोगों का किया गया रेस्क्यू
बताया जा रहा है कि कमर्शियल बिल्डिंग से आग की लपटे निकलते हुए देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार, 100 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
स्टोर रूम में लगी आग से इमारत में भरा धुंआ
अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने मीडिया को बताया कि लगभग 3:15 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को आरडीसी की एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद घटनास्थल पर कई गाड़ियों को भेजा गया। इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में आग पूरी तरह से फैली हुई थी। इस कारण एक छोटे स्टोर रूम में आग फैल गई थी, जिसके कारण पूरी इमारत में धुआं भर गया था।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
धुआं और आग के कारण लोग बिल्डिंग में फंस गए थे। आग को तीन होज पाइप की सहायता से बुझाना शुरू किया गया। लगभग डेढ़ घंटे में आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। बिल्डिंग में 100 से ज्यादा लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग इमारत के सातवें फ्लोर पर फैली हुई थी। आग किन कारणों से लगी, उसकी जांच की जा रही है। आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
(इनपुट - आईएएनएस)
