Ghaziabad: गाजियाबाद में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में मौजूद एक पंसारी की दुकान में देर रात घुसे शातिर चोर ने पहले दुकान के अंदर हीटर जलाकर ठंड भगाई। आरोपी हीटर के पास काजू और बादाम से भरे डिब्बों को रखकर काफी देर तक तापते हुए इन्हें खाता रहा। जब उसका पेट भर गया तो दुकान का गल्ला उखाड़ कर उसमें रखा गया करीब 5.50 लाख रुपये ले लिया। इसके अलावा आरोपी दुकान के अंदर से करीब 2 लाख रुपये कीमत के ड्राईफ्रूट्स और जड़ी-बूटी भी अपने साथ ले गया। चोर दुकान से जाते समय वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रेकॉर्डर भी अपने साथ ले गया। इस पूरे घटना की जानकारी सुबह दुकान खुलने के बाद मिली।
गाजियाबाद में पंसारी के दुकान पर लाखों की चोरी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
चोरी के इस मामले में दुकानदार डासना गेट निवासी अनुज अग्रवाल की तरफ से पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। अनुज ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी राज चौपला के पास पंसारी की दुकान है। बीती रात करीब 10 बजे वे दुकान को बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब फिर से दुकान पहुंचे तो छत के पास लगी खिड़की उखड़ी मिली। साथ ही दुकान के अंदर का सारा सामान फैला हुआ था। दुकान का गल्ला तोड़कर उसमें रखा करीब साढ़े 5 लाख रुपये कैश चोरी कर लिया गया था। यह पैसा कारोबार से मिला था। अनुज ने बताया कि चोर अपने साथ दुकान से करीब 2 लाख रुपये मूल्य का सामान भी ले गए।
