Ghaziabad Truck Cylinder Blast: गाजियाबाद में दिल्ली वजीराबाद रोड पर एलपीजी सिलेंडर से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। जिससे एक के बाद एक कई सिलेंडरों में ब्लास्ट होने लगा। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। साथ ही आसपास के मकानों के शीशे भी ब्लास्ट के इंपैक्ट से टूट गए है। घटना की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। वहीं पुलिस ने आस-पास के घरों को खाली कराया। फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ट्रक में थे करीब 150 से 200 सिलेंडर
धमाका थाना टीला मोड़ क्षेत्र में दिल्ली-वजीराबाद रोड पर भोपुरा चौक के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक ही आग लग गई। इसके बाद विस्फोट होने लगा। आवाज दो-तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुन इलाके के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। इस घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई और आग को बुझाने का काम शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रक में 150 से 200 तक सिलेंडर हो सकते हैं।
दहशत से घरों से बाहर निकले लोग
मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी सीएफओ राहुल पाल सिंह ने बताया, "आज सुबह करीब 4:35 बजे साहिबाबाद स्टेशन के पास भोपुरा में एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई। दमकल विभाग द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है। आग सुबह करीब 4:35 बजे लगी थी और एलपीजी सिलेंडर भरा ट्रक जल रहा है।" इस घटना के वीडियो क्लिप में धमाके के साथ ही आसमान की ओर उठती लपटें देखी जा सकती हैं। धमाके की आवाज भी सुनाई दे रही है। ये मंजर बेहद खौफनाक है। खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि लोग दहशत में हैं और घरों से बाहर निकल आए और चीख पुकार मच गई।
(इनपुट - IANS)
