Ghaziabad Weather Forecast: एनसीआर के जिलों में पिछले कई दिनों से धूप की मौजूदगी से दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि, दिन भर सर्द हवाओं के थपेड़ों से शाम सुबह गलन का एहसास हो रहा है। फरवरी के शुरुआत में हुई बारिश के बाद बादल छटने से गाजियाबाद में आज तक धूप खिली नजर आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले एक दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मेट्रो ट्रेंड के अनुसार रविवार को धूप खिली रहेगी, लेकिन सोमवार से बादल छाए रहेंगे, जिससे ठंड बढ़ने का अनुमान है। फिलहाल, मौसम सामान्य है। दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है। IMD ने रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। आइये जानते हैं आने वाले दो से तीन दिन मौसम किस ओर करवट लेगा।
तेज हवाएं कर रहीं परेशान
गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों में सोमवार से मौसम के करवट लेने की आशंका है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम पारा में एक से दो डिग्री सेल्लसियस बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रविवार की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला, लेकिन सुबह 7 बजने से पहले ही आसमान में सूर्य ने दस्तक दी, जिससे लोग गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं। लेकिन, सुबह से शाम तक दक्षिण से पूर्व की ओर 18 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बहेंगी, जिससे ठंड का एहसास होता रहेगा।
फरवरी में मौसम में उतार चढ़ाव
फरवरी की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम में तेजी के साथ बदलाव देखने को मिला था। एक से पांच फरवरी के बीच बादल छाए रहने और बारिश होने से ठंड तो कम हुई, लेकिन अब बादलों के छटने से सुबह-शाम हल्का व मध्यम कोहरा छाया नजर आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल कड़ाके की सर्दी का एहसास होता रहेगा। अब सोमवार से लेकर बुधवार तक आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। कभी-कभी दृश्यता को घटाते हुए दूर तक फैले धुएं और धुंध देखने को मिल सकती है। इसी तरह फरवरी में कई दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिलता रहेगा।
