Ghaziabad Weather Forecast: एनसीआर के जिलों में एक बार फिर सर्दी ने वापसी कर ली है। गाजियाबाद में बारिश के बाद गलन का एहसास हो रहा है। पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद बादल छटने से मंगलवार सुबह से ही धूप खिली नजर आ रही है। हालांकि, वातावरण में हल्की से मध्यम हवाएं बह रही हैं, जिससे बुधवार की सुबह गलन का एहसास हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से तीन दिन में तापमान में कमी दर्ज की जाएगी और शीतलहर बढ़ सकती है। मंगलवार को धूप खिली रहने के बावजूद सर्दी से लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जिससे सुबह शाम गलन का एहसास होगा। आपको बता दें कि मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई है।
पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम में तेजी के साथ बदलाव देखने को मिला था। एक से पांच फरवरी के बीच बादल छाए रहने और बारिश होने से ठंड तो कम हुई, लेकिन अब बादलों के छटने से सुबह-शाम हल्का व मध्यम कोहरा छाया नजर आ रहा है। मंगलवार की तरह बुधवार को भी सुबह कहीं-कहीं कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिन में पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। ऐसी स्थिति में कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।
ठिठुरन बढ़ी
हालांकि, सात फरवरी की सुबह से आसमान में सूरज नजर आ रहा है, जिससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत महसूस हो रही है। लोग धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। खासकर, जानवरों को बड़ी राहत महसूस हो रही है। हालांकि, हल्की हवाएं बहने से न्यूनतम तापमान कम होता जा रहा है, जिससे ठिठुरन बढ़ रही है। फिलहाल सर्दी से राहत की बड़ी उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
