गाजियाबाद

Ghaziabad Encounter: पुलिस की मोबाइल लुटेरों के साथ मुठभेड़, 4 बदमाश गिरफ्तार, 10 चोरी के फोन बरामद

Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद में पुलिस की मोबाइल लुटेरों के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 2 बदमाशों के पैर पर गोली लगने से वे घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये बदमाश दिल्ली-एनसीआर में फोन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से 10 चोरी के मोबाइल, 2 अवैध तमंचे, कारतूस और दो चोरी की बाइक बरामद हुई हैं।

Image

सांकेतिक फोटो

Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी पुलिस ने शनिवार तड़के आवास विकास के जंगलों में हुई मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों के नाम शिवम, परवेज, शानू और सनी हैं। इनके पास से 10 चोरी के मोबाइल, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), कारतूस और दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

फोन स्नैचिंग की वारदात को देते थे अंजाम

एसीपी सिद्धार्थ गौतम (लोनी) ने बताया कि 20 मार्च 2025 को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों को पकड़ा। एसीपी गौतम के मुताबिक, पूछताछ में इन्होंने अपना नाम परवेज, शहनवाज (शानू), शिवम और सनी बताया। 26 मार्च की एक मोबाइल लूट की घटना के सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर इन्होंने जुर्म कबूल किया। बदमाशों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में फोन छीनने की वारदात करते हैं। लूटे गए फोन को एक जगह छुपाते हैं और फिर एक साथ कहीं भेज देते हैं।

दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

एसीपी गौतम ने बताया कि पुलिस इन्हें आवास विकास इलाके में पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में ले गई, जहां इन्होंने छुपाए गए तमंचे निकालकर पुलिस पर हमला कर दिया। जान से मारने की नीयत से गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें परवेज और शिवम के पैर में गोली लगी। दोनों को अस्पताल भेजा गया। शानू और सनी को भी हिरासत में ले लिया गया। इनके पास से 10 लूटे गए मोबाइल, दो तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

हत्या, लूट, डकैती जैसे कई मामले दर्ज

एसीपी ने कहा, “ये शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं। दिल्ली-एनसीआर में ये फोन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और पूछताछ जारी है।”

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article