गाजियाबाद

गाजियाबाद में खुलेआम शराब पीने वालों पर एक्शन, पुलिस ने 452 लोगों का किया चालान, रोजाना 3 घंटे चल रहा अभियान

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद पुलिस ने बुधवार को खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 452 लोगों का चालान किया है। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान रोजाना साढ़े छह बजे से रात 10 बजे तक चलाया जा रहा है।

Image

फाइल फोटो

Ghaziabad Crime News: पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को 452 लोगों को खुलेआम सड़क पर शराब पीते हुए पकड़ा है। जिनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद चालान किया गया।

रोजाना 6:30 से 10 बजे तक चल रहा अभियान

यह अभियान प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से लेकर रात 10 बजे तक चलाया जा रहा है, जिसमें शराब ठेकों के आसपास, सड़क के किनारे और गाड़ियों में बैठकर शराब पीने वालों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी को ऐसे 452 व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो खुलेआम सड़क पर शराब पी रहे थे, जिससे वहां आने-जाने वाले राहगीरों और आम जनों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था।

गाजियाबाद पुलिस ने इन सभी व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया और उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद, 34 पुलिस एक्ट के तहत उनका चालान किया गया। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ मिली शिकायतें

गौरतलब है कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से यह अभियान बीते कई दिनों से चलाया जा रहा है। इस अभियान को चलाने का मकसद पूरे कमिश्नरेट के अलग-अलग स्थानों में शांति व्यवस्था को बनाए रखना है। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को कई जगह से यह शिकायतें मिल रही थीं कि शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा ठेकों के आसपास जमा हो जाता है और वहां पर शराब पीकर वह हुड़दंग मचाते हैं। जिससे वहां आसपास रहने वाले लोगों और वहां से निकलने वाले आम जनों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसकी रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article