इस साल मानसून में नहीं डूबेगा शहर, जल निकास के लिए होगा नालों का निर्माण, इन पांच जोन में शुरू होगा काम
- Authored by: Digpal Singh
- Updated Apr 17, 2025, 08:18 PM IST
नगर निगम ने जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए गाजियाबाद पांच जोन में नौ नालों का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया है। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम का दावा है कि मानसून से पहले नाले पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएंगे।
जल निकासी के लिए नौ नालों का निर्माण कार्य शुरू
निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने जानकारी दी है कि जल निकासी को सुधारने के लिए गाजियाबाद के विजयनगर जोन के वार्ड-25 बाईपास से राठी रोड पर बालाजी स्वीट्स तक आरसीसी नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में वार्ड-15 में मेडिकल तिराहे से आंबेडकर पार्क तक नाले के निर्माण कार्य का आरंभ हुआ है। मोहननगर जोन में भी कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नालों का निर्माण किया जा रहा है। वार्ड-28 में मोहननगर मंदिर के सामने कटोरी मिल तक नाला बन रहा है।
वार्ड-64 में एयरफोर्स बाउंड्री से सिकंदरपुर तक और वजीराबाद रोड तक नाले के निर्माण कार्य को गति दी गई है। इसके अलावा, वार्ड-38 में अर्थला आनंद इंडस्ट्रियल एरिया में भी नाले का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वार्ड-73 में एकता पुलिया से सर्वोदय पब्लिक स्कूल तक नाले का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। वसुंधरा जोन के वार्ड-54 में कनावनी पुलिया के पास से वसुंधरा सेक्टर-एक के कट तक नाले का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल भराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए जहां भी पानी की निकासी की जरूरत है, वहां नालों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने ये भी बताया कि इन नालों के निर्माण से क्षेत्र में जल भराव से होने वाले असुविधाओं को समाप्त करने में मदद मिलेगी और मानसून के दौरान नागरिकों को राहत प्रदान की जाएगी। नालों के निर्माण में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। नगर निगम की इस पहल से गाजियाबाद के स्थानीय लोगों में जल भराव और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं से निजात पाने की उम्मीद बढ़ी है।