Ghaziabad Corona: दिल्ली एनसीआर से सटे गाजियाबाद में कोरोना ने एक बार फिर से अपना पैर पसारना शुरू कर दिया है। रोज नए मामलों में वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों में 19 नए मामले सामने आ चुके हैं।
यहां सबसे ज्यादा कोरोना के केस
मंगलवार को आए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार इन नए मामलों को मिलाकर 55 एक्टिव केस हो गए है, जिनमें से 3 मरीज जिले के अस्पतालों में भर्ती है। बाकी सभी मरीज अपने घरों में ही आइसोलेटेड होकर इलाज करा रहे हैं। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार यूपी में नोएडा, लखनऊ और गाजियाबाद में कोरोना के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
क्या कहा स्वास्थ्य अधिकारी ने
पीटीआई के अनुसार गाजियाबाद जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर आरके गुप्ता ने कहा कि 782 सैंपल की जांच की गई थी। इसमें 19 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। मार्च में अब तक 55 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं। इससे पहले 26 मार्च को 10, 24 मार्च को 11, 22 मार्च को 15 कोरोना केस पाए गए थे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जो मरीज कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं, उनमें फिलहाल साफ तौर पर कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहा। चूंकि ये मरीज कोरोना के अलावा अन्य कई बीमारियों से ग्रसित हैं, इसलिए सिर्फ जांच कराने पर ही संक्रमित पाए जा रहे हैं।
नोएडा का हाल
नोएडा में अब कोरोना के सक्रिय केस 42 हो गए हैं। यहां सोमवार को ही छह नए संक्रमित मरीज मिले थे। नोएडा के जिला अस्पताल में जगह-जगह पोस्टर भी लगा दिए गए हैं कि आप मास्क का प्रयोग करें और सावधानी बरतें। अधिकारियों ने बताया कि सभी अस्पतालों में हेल्प डेस्क चालू कर दी गई है। निर्देश दिया है कि सभी मरीजों की ऑक्सीजन लेवल और तापमान जांचा जाए। इसमें कुछ गड़बड़ पाई जाती है, तो फिर कोरोना जांच भी हो।
