Ghaziabad News: गाजियाबादवासियों के लिए बड़ी खबर है। हिंडन एयरपोर्ट से हुबली और कलबुर्गी के लिए जाने वाली फ्लाइट्स को बंद कर दिया गया है। इन उड़ानों का संचालन करने वाली स्टार कंपनी ने इसका कारण मेंटेनेंस बताया है। कंपनी की तरफ से जारी सूचना में बताया गया कि, इन दोनों शहर की उड़ानों को 31 मार्च तक के लिए बंद किया गया है। इन दोनों उड़ानों को अप्रैल में शुरू किया जाएगा, हालांकि अभी तक उड़ान शुरू करने की तारीख नहीं बताई गई है। दोनों शहरों की उड़ान सेवा बंद होने के बाद अब इस एयरपोर्ट से एक भी उड़ान का संचालन नहीं हो रहा है।
स्टार कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इस रूट पर चलने वाली दोनों फ्लाइट्स का मेंटेनेंस कार्य प्रभावित न हो, इसलिए संचालन को रोक दिया गया है। मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद अगले माह से दोनों शहरों के लिए उड़ान सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। इसकी तारीख की घोषणा कंपनी की वेबसाइट पर की जाएगी। इन दोनों फ्लाइट्स के बंद होने के बाद अब हिंडन एयरपोर्ट से किसी भी शहर के लिए कोई भी उड़ान सेवा नहीं चल रही है। ऐसे में हिंडन एयरपोर्ट पर तैनात कर्मचारी और सुरक्षा बल अब खाली बैठे हैं। इन उड़ानों के बंद होने के बाद एयरपोर्ट निदेशक ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर यहां पर तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी अन्य एयरपोर्ट पर तैनात करने की अपील की है।
पिथौरागढ़ की उड़ान हिंडन एयरपोर्ट से सबसे पहले शुरू हुई
बता दें कि हिंडन एयरपोर्ट से सबसे पहले पिथौरागढ़ के लिए उड़ान शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के दौरान यह उड़ान भी बंद कर दी गई थी, जो अब तक संचालित नहीं हो सकी है। हालांकि हुबली और कलबुर्गी के लिए यहां से निरंतर उड़ान चल रहा था। यह पहला मौका है जब इन दोनों शहरों के लिए भी उड़ान सेवा को मेंटेनेंस के नाम पर बंद किया गया है। हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक सरस्वती वेंकेट ने बताया कि स्टार एयर कंपनी ने मेंटेनेंस का हवाला देकर 31 मार्च तक दोनों उड़ानों को बंद किया है। इनके कर्मचारियों ने भी अथॉरिटी द्वारा जारी पास को वापस कर दिया है। कंपनी द्वारा जब दोबार उड़ान सेवा शुरू होगी तो जानकारी दे दी जाएगी।
