Hindon Airport Flight Update: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मौजूदा हिंडन एयरपोर्ट फिर ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है। ये निर्णय भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव में कमी आने के बाद लिया गया है। युद्ध की स्थिति के चलते देशभर में सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए एयरपोर्ट की सेवाओं को बहाल किया जा रहा है। 6 और 7 मई की रात में भारत ने पाकिस्तान और POK में कई आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इसके बाद, सुरक्षा कारणों से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इन्हीं सावधानियों के तहत, हिंडन एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी निजी एयरलाइंस की उड़ानों को अगले आदेश तक के लिए निलंबित कर दिया गया है।
हालांकि, आज यानी मंगलवार से हिंडन एयरपोर्ट पर एयर ऑपरेशन को शुरू करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत हिंडन एयरपोर्ट से बेंगलुरू, किशनगढ़, लुधियाना, आदमपुर और नांदेड़ के लिए उड़ानें शुरू होंगी। वहीं, मुंबई के लिए फ्लाइट सेवा 14 मई को बहाल होगी। अन्य प्रमुख शहरों जैसे गोवा, कोलकाता, वाराणसी, पटना, भुवनेश्वर, चेन्नई और जयपुर के लिए फ्लाइट 15 मई से शुरू की जाएंगी। फिलहाल, हिंडन एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस, फ्लाई बिग और स्टार एयर की उड़ानें संचालित हो रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान
हिंडन एयरपोर्ट के दोबारा संचालन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अब यात्रियों की जांच दो चरणों में होगी, जिससे सुरक्षा स्तर को बढ़ाया जा सके। पहले यहां 68 सुरक्षा कर्मियों के पद स्वीकृत थे, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 116 कर दिया गया है। वर्तमान में 101 सुरक्षा कर्मी तैनात हैं, और जल्द ही दोहरी सुरक्षा प्रणाली को लागू करने के लिए 24 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की आवश्यकता होगी। युद्ध के दौरान एयरपोर्ट के बाहरी हिस्से में पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) तैनात थे, जिससे सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
