गाजियाबाद

Ghaziabad के इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

यूपी के गाजियाबाद लोनी क्षेत्र में ग्लोबल एंटरप्राइजेज इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में आग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

Image

Fire broke out in Global Enterprises Electronics Store

गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में स्थित ग्लोबल एंटरप्राइजेज नामक एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए के सामान के जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर करीब 1:06 बजे लोनी फायर स्टेशन (ट्रॉनिका सिटी) को सूचना मिली कि खन्ना नगर, मेन रोड, लोनी स्थित प्लॉट नंबर ए-5 पर बने दो मंजिला भवन के भूतल में चल रहे इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल दो फायर टेंडर को फायर सर्विस यूनिट के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया।

जब दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो पाया कि आग स्टोर के पिछले हिस्से में बने मैजिनिन फ्लोर पर रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान में लगी थी। दमकलकर्मियों ने तुरंत भवन के पिछले दरवाजे से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से मुख्य दरवाजे से स्टोर के अंदर रखे अन्य सामान को बाहर निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।

आग बुझाने के दौरान एक अतिरिक्त फायर टेंडर को साहिबाबाद फायर स्टेशन से बुलाया गया। सभी दमकल वाहनों की संयुक्त कार्रवाई से दोपहर 2:15 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और स्टोर के भीतर जमा धुएं को भी निकाल दिया गया। स्टोर के मालिक वाजिद खान ने बताया कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। इस दुर्घटना में दुकान के पिछले हिस्से में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, दमकल विभाग की तत्परता के चलते शेष सामान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दमकलकर्मियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण यह आग ज्यादा विकराल रूप नहीं ले सकी और समय रहते ही इसे नियंत्रित कर लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की अन्य दुकानों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता था। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article