Ghaziabad: गाजियाबाद नगर निगम शहर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को लेकर कई तरह के दावे करता रहा है, लेकिन इन सभी दावों को स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट ने पोल खोल दी है। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने शहर में औचाक अभियान चलाकर विभिन्न इलाकों से चार दिन में पानी के 205 नमूने एकत्र किए थे। इन सभी को जांच के लिए लैब भेजा गया था। इस जांच में 74 नमूने फेल पाए गए हैं। यह कुल सैंपल का करीब 36 फीसदी है। इस जांच में कई इलाकों का पानी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक और खतरनाक पाया गया है। कई जगहों पर पानी का रंग काला और पीला भी मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में यह भी पाया गया है कि, ज्यादातर इलाकों में पेयजल के पानी के साथ सीवर का पानी भी नलों से सप्लाई किया जा रहा है। इस तरह का गंदा पानी पीकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर आरके गुप्ता ने बताया कि, जांच में जिस तरह का पानी पाया गया है, उसे पीने से लोग जल जनित रोगों के शिकार हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, जिन इलाकों में पानी के सैंपल फेल पाए गए वहां पर जल्द ही निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच की जाएगी। इसकी तैयारियां की जा रही है, अगले सप्ताह से संबंधित इलाकों में जल जनित रोग की रोकथाम के लिए जांच एवं दवाइयों का वितरण किया जाएगा।
